जेंजरा में हिट एंड रन की घटना, घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती
कोरबा/कटघोरा। कटघोरा क्षेत्र के जेंजरा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप बुधवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। घटना से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर एक बाइक तेज रफ्तार से कटघोरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने सड़क से गुजर रहे एक राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राहगीर सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद बाइक चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फरार बाइक चालक की पहचान के लिए पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान होने के बाद उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने दुर्घटना को देखा हो या फरार बाइक चालक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
