कोरबा । जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत तौलीपाली की सरपंच ने पंचायत सचिव को तत्काल हटाकर उनके स्थान पर नए सचिव की पदस्थापना करने की मांग को लेकर कलेक्टर कोरबा को ज्ञापन सौंपा है। सरपंच ने वर्तमान सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पंचायत के विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप लगाया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सचिव की कथित निष्क्रियता के कारण ग्राम पंचायत के कई विकास कार्य ठप पड़े हैं। इसके अलावा ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है और पंचायत प्रतिनिधियों को भी विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
सरपंच ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित सचिव पिछले 14-15 वर्षों से एक ही ग्राम पंचायत में पदस्थ हैं। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ रहने के कारण पंचायत में एकाधिकार जैसी स्थिति बन गई है। ग्राम सभा में भी सचिव की कार्यप्रणाली और निष्क्रियता को लेकर सवाल उठने की बात ज्ञापन में कही गई है।
सरपंच ने कलेक्टर से मामले को गंभीरता से लेते हुए वर्तमान सचिव का अन्यत्र स्थानांतरण कर ग्राम पंचायत तौलीपाली में नए सचिव की पदस्थापना करने की मांग की है। उनका कहना है कि नए सचिव की पदस्थापना से पंचायत के लंबित विकास कार्यों में तेजी आएगी और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ मिल सकेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
