कचरा विवाद ने पकड़ा तूल, अपर कलेक्टर से मिले पार्षद; व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कोरबा। नगर पालिक निगम के कमिश्नर आशुतोष पांडेय के साथ एक व्यवसायी द्वारा कथित तौर पर किए गए अनुचित व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित निगम के पार्षदों ने नाराजगी जताते हुए अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल से मुलाकात की और संबंधित व्यवसायी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि पीएच रोड क्षेत्र में कचरा फेंकने को लेकर निगम की टीम और व्यवसायी के बीच विवाद हुआ था।
निगम द्वारा कचरा फेंकने पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। जुर्माना नहीं देने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान व्यवसायी द्वारा निगम आयुक्त एवं अधिकारियों के समक्ष कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं धमकी भरे अंदाज में बातचीत किए जाने का आरोप है।
मामले को लेकर पार्षदों ने कहा कि निगम अधिकारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था और आम नागरिकों से जुड़े कार्यों के लिए जिम्मेदार हैं। शासकीय कार्य के दौरान अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि कचरा फेंकने पर लगाए गए जुर्माने का विरोध करने और कथित रूप से शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में निगम के स्वच्छता निरीक्षक की रिपोर्ट पर व्यवसायी राहुल बैग के संचालक द्वय के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। वहीं व्यवसायी की ओर से भी निगम अधिकारियों के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
अब दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। पार्षदों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
