मलेरिया प्रभावित गांवों तक पहुंचे विधायक फूलसिंह राठिया

नाले-पगडंडी पार कर करीब 10 किलोमीटर पैदल चले, ग्रामीणों का जाना हाल

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल इलाकों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच विधायक फूलसिंह राठिया ने प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों का हाल जाना।

उन्होंने लेमरू, नकिया, रपता, खम्हूंन और खराखेत पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा मलेरिया से बचाव के उपायों को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया।

खम्हूंन और खराखेत जैसे दुर्गम गांवों तक पहुंचने के लिए विधायक को पगडंडी रास्तों से गुजरने के साथ कई नाले भी पार करने पड़े। इस दौरान उन्होंने करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर अंतिम छोर तक पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की।

विधायक राठिया ने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और मलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है।

ग्रामीणों ने विधायक के इस दौरे की सराहना की। उनका कहना था कि दुर्गम रास्तों और नालों को पार कर जनप्रतिनिधि का गांव तक पहुंचना ग्रामीणों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।

दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, जिला महामंत्री प्रवीण ओगरे, जिला महामंत्री भूकेश्वर सिंह पैकरा, विधायक प्रतिनिधि बुधवान सिंह तंवर, मंडल अध्यक्ष लेमरू मोहर साय यादव, मंडल अध्यक्ष रामपुर दीनानाथ राठिया, बिसाहू पटेल, आत्माराम मन्नेवार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।