एसईसीएल-दीपका के सीनियर ओवरमैन की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ी, मौत

तबीयत बिगड़ने पर सहकर्मियों ने दिया सीपीआर, हार्ट अटैक से मौत की आशंका

कोरबा। एसईसीएल की दीपका विस्तार परियोजना में ड्यूटी के दौरान सीनियर ओवरमैन सुरेंद्र कुमार वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। खदान के फेस पर कार्य के दौरान वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तत्काल सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया और एनसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार वर्मा रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। खदान के फेस पर काम करने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें सीपीआर दिया। इसके बाद बिना देर किए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सुरेंद्र कुमार वर्मा मूल रूप से ग्वालियर के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनका पुत्र बेंगलुरु में कार्यरत है, जबकि पुत्री नोएडा में नौकरी करती हैं। उनके आकस्मिक निधन की खबर से परिवार सहित सहकर्मियों में शोक की लहर है।

घटना की जानकारी मिलने पर दीपका एरिया के महाप्रबंधक अशोक कुमार, महाप्रबंधक (खनन) एन.के. साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।