परिजनों ने रातभर रखा निगरानी में, सुबह डायल-112 ने पहुंचकर पुलिस को सौंपा; इलाके में बढ़ती चोरी से लोगों में नाराजगी
कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के पोखरीपारा-इमलीडुग्गू इलाके में देर रात चोरी की नीयत से घर में घुसे एक युवक को परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। युवक घर के अंदर चारपाई के नीचे छिपा हुआ मिला। परिजनों ने उसे रातभर निगरानी में रखा और सुबह डायल-112 की टीम को सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। देर रात कुछ संदिग्ध आवाजें सुनाई देने पर परिजनों की नींद खुली। उन्होंने घर की तलाशी ली तो एक युवक चारपाई के नीचे छिपा मिला। परिवार के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया और भागने नहीं दिया।
सुबह डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले गई। पकड़े गए युवक की पहचान विजय डे, निवासी उसी क्षेत्र के रूप में बताई गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह अकेले चोरी की नीयत से घर में घुसा था अथवा उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
लगातार चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता
क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कुछ दिन पहले बंद पड़े ट्रांसफार्मर से कीमती उपकरण चोरी होने की घटना सामने आई थी। वहीं दो दिन पहले मोबाइल टावर से केबल चोरी करने के प्रयास में दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।
पूर्व पार्षद सुफल दास ने भी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सीतामढ़ी और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कई बार शिकायत और सूचना देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस अब पकड़े गए युवक से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
