पत्नी पर कमेंट से भड़का युवक, पेट्रोल डालकर दोस्त को जिंदा जलाने की कोशिश                   

आग की लपटों से बचने तालाब में कूदा पीड़ित, गंभीर रूप से झुलसा; आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

कोरबा। रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मित्र की पत्नी पर कथित टिप्पणी से नाराज एक युवक ने अपने ही मित्र पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि आग लगाने वाला आरोपी भी एक हाथ में झुलस गया। पीड़ित ने आग से बचने के लिए करीब 100 मीटर दूर स्थित तालाब में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेली निवासी युवक अपने मित्र के साथ गांव में ही एक ग्रामीण के घर गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में एक अन्य ग्रामीण अपने घर के सामने मिला।

तीनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। इसी दौरान घरेलू मामले को लेकर एक-दूसरे पर टिप्पणी करने से विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

विवाद बढ़ने पर घर के सामने खड़ा युवक अंदर गया और पेट्रोल से भरी बोतल लेकर बाहर आया। दूसरे युवक को संभलने का मौका मिले, इससे पहले ही आरोपी ने उस पर पेट्रोल उड़ेलकर माचिस जला दी। देखते ही देखते युवक आग की लपटों से घिर गया।

तालाब में छलांग लगाकर बचाई जान
आग से बचने के लिए पीड़ित करीब 100 मीटर दूर स्थित डबरीनुमा तालाब की ओर भागा और उसमें छलांग लगा दी। इससे आग बुझी और उसकी जान बच सकी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पेट्रोल डालकर आग लगाने के दौरान आरोपी भी आग की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक हाथ झुलस गया।

घटना के दूसरे दिन रजगामार पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। चौकी प्रभारी विनोद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बुंदेली पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया।

प्रारंभिक उपचार के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।