सुभाषिनी राठिया का एकलव्य आवासीय विद्यालय में चयन

कोरबा। शासकीय प्राथमिक शाला भटगांव की होनहार छात्रा कु. सुभाषिनी राठिया, पिता गणेश कुमार राठिया, का चयन एकलव्य आवासीय विद्यालय, छुरी के लिए हुआ है। छात्रा की इस सफलता से विद्यालय परिवार एवं परिजनों में हर्ष का माहौल है।

प्रधान पाठक रूपनारायण के मार्गदर्शन में सुभाषिनी ने एकलव्य आवासीय विद्यालय की चयन परीक्षा में हिस्सा लिया था। परीक्षा में सफलता हासिल कर उसने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय परिवार ने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

एकलव्य आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। छात्रा के चयन से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरणा मिलेगी।