10 दिन में ही सड़क की गुणवत्ता की खुली पोल

ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, निगम आयुक्त से की गई शिकायत

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा राजेंद्र प्रसाद नगर से होकर पौड़ी बहार काली मंदिर से महाराणा प्रताप नगर चौक तक बनाई गई सीसी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण के महज 10 दिन बाद ही सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील होने लगी है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

बताया गया कि कुछ दिन पहले सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी थी, लेकिन सड़क की मौजूदा स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासी दीनानाथ राय ने सड़क की स्थिति का वीडियो बनाकर मामले को सामने लाया है।

दीनानाथ राय के अनुसार, सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने नगर निगम आयुक्त को भी जानकारी दी है।

उनका कहना है कि यदि निर्माण के कुछ ही दिनों में सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी है, तो निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच जरूरी है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निगम द्वारा सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए और यदि निर्माण में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क को गुणवत्तापूर्ण तरीके से दोबारा दुरुस्त कराने की मांग की गई है।

अब देखना होगा कि शिकायत और सड़क की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।