नशा जीवन को खोखला कर देता है, इससे बचना होगा : लखनलाल

नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

कोरबा। शासकीय इंजीनियर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया पी.जी. महाविद्यालय में रविवार को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान शुभारंभ संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया।

प्रधानमंत्री ने देशभर के युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को खोखला कर देता है।

नशे की लत व्यक्ति की प्रगति में बड़ी बाधा बनने के साथ उसके परिवार को भी संकट में डाल देती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अनुशासन, सकारात्मक सोच और संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

नशे से परिवार और समाज दोनों प्रभावित : महापौर
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि नशे के कारण कई परिवार बिखर रहे हैं और अपराधों में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति को इससे बाहर निकालना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कोई व्यक्ति जन्म से नशे का आदी नहीं होता, बल्कि गलत संगति और परिस्थितियों के कारण धीरे-धीरे इसकी गिरफ्त में आता है। ऐसे लोगों को जागरूक कर मुख्यधारा में लाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।

कलेक्टर ने ‘माय भारत फॉर युवा’ अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में करीब 58 हजार युवाओं को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 32 हजार से अधिक युवा जुड़ चुके हैं। नई पीढ़ी को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से प्रत्येक सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन,पार्षद नरेंद्र देवांगन, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ.बी.एल.साय, प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि, एनएसएस स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।