डेयरी और खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश, जांच में नहीं मिला एनालॉग पनीर
कोरबा। प्रदेशभर में नकली अथवा एनालॉग पनीर के क्रय, विक्रय और संग्रह पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जिले के विभिन्न डेयरी एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पनीर की गुणवत्ता और उपलब्धता की जांच की।
अभियान के दौरान वंदना सेल्स, वचन मिल्क पार्लर, अलंकार डेयरी, गणेश डेयरी, प्रभात डेयरी, रवि डेयरी, संतोष डेयरी और सर्वमंगला डेयरी सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विभाग के अनुसार जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में एनालॉग पनीर नहीं पाया गया।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान नकली या एनालॉग पनीर का क्रय, विक्रय, संग्रह अथवा उपयोग करते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने जिले के हलवाई, कैटरर्स तथा शादी, भोज और अन्य सामूहिक आयोजनों में भोजन तैयार करने वाले संचालकों को भी निर्देशित किया है कि वे आवश्यक खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही व्यवसाय संचालित करें। साथ ही किसी भी परिस्थिति में एनालॉग पनीर का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई है।
सूचना मिलने पर विभाग को करें सूचित
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी दुकान, डेयरी, होटल, कैटरिंग प्रतिष्ठान या अन्य स्थान पर नकली अथवा एनालॉग पनीर की बिक्री, उपयोग या संग्रह की जानकारी मिलती है तो तत्काल विभाग को सूचना दें। विभाग का कहना है कि ऐसी सूचनाओं के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
