कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र की बलगी कॉलोनी में कथित अवैध शराब बिक्री और बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर कॉलोनीवासियों का आक्रोश सामने आया। शुक्रवार को करीब 50 से 60 महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर SECL एरिया मैनेजर के निवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि बलगी कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में कथित रूप से अवैध शराब के अड्डे बढ़ रहे हैं। शाम होते ही नशे की हालत में कुछ युवक कॉलोनी में पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार की घटनाओं से कर्मचारी परिवारों, महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर कई बार मौखिक रूप से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। इसी के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी SECL प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे।
एरिया मैनेजर ने दिया समाधान का आश्वासन
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासी संध्या सिंह ने बताया कि एरिया मैनेजर ने कॉलोनीवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कोरबा के नाम ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौराहों पर CCTV कैमरे लगाने तथा शाम के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।
15 दिन का अल्टीमेटम
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर अवैध शराब बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कॉलोनीवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई तथा कर्मचारी परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
