निगम के पांच वार्डों को 76 लाख के विकास कार्यों की सौगात,उद्योग मंत्री व महापौर ने किया लोकार्पण व भूमिपूजन

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 61, 63, 64, 65 एवं 66 में शनिवार को करीब 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 36.50 लाख रुपये के पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण तथा करीब 39.50 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित संबंधित वार्डों के पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

स्कूल भवन और सामुदायिक भवन जनता को समर्पित
नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल में 16.58 लाख रुपये की लागत से शासकीय माध्यमिक शाला में नवीन भवन एवं शौचालय का निर्माण कराया गया है। वहीं वार्ड क्रमांक 66 पंखादफाई में 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण पूर्ण किया गया है। मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने दोनों विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया।

इसके अलावा विभिन्न वार्डों में करीब 39.50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें भैरोताल में दुर्गा मंदिर परिसर में छत एवं कांक्रीट कार्य, खम्हरिया में सांस्कृतिक मंच, कुसमुंडा प्रोजेक्ट में बालक-बालिका शौचालय एवं अतिरिक्त कक्ष, इमलीछापर- परसाभांठा में मंच तथा आनंदनगर में मंच एवं शेड निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना विकास को गति मिल रही है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।

विकास कार्यों के लिए धनराशि की कमी नहीं : महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धनराशि की कमी नहीं है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से निगम क्षेत्र में विभिन्न मदों से लगातार नए कार्य स्वीकृत हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विगत ढाई वर्षों में निगम क्षेत्र के लिए करीब एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं। महापौर ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को जो विश्वास दिया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

सभी 67 वार्डों में विकास कार्यों पर जोर
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री के मार्गदर्शन और महापौर के नेतृत्व में कोरबा लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। निगम के सभी 67 वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, एल्डरमेन, निगम अधिकारी- कर्मचारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।