‘सभापति की पाठशाला’ का शुभारंभ, सर बनकर बच्चों को पढ़ाने पहुंचे सभापति और पार्षद

जेन-जी समेत शिक्षित नागरिकों से सप्ताह में कम से कम एक घंटा सरकारी स्कूलों को देने की अपील

कोरबा। शिक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने और समाज के शिक्षित नागरिकों को सरकारी स्कूलों से जोड़ने की पहल के तहत शनिवार को ‘सभापति की पाठशाला’ अभियान का शुभारंभ किया गया। नगर पालिक निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर शासकीय माध्यमिक शाला सीतामणी पहुंचे और शिक्षक की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों के बीच समय बिताया। उन्होंने बच्चों को विभिन्न विषयों की जानकारी दी और प्रश्नोत्तर के माध्यम से उनकी शैक्षणिक समझ को परखा।

शिक्षा दान की इस मुहिम से एमआईसी सदस्य श्रीमती उर्वशी राठौर, सीतामढ़ी की पार्षद श्रीमती राधा बाई एवं मोतीसागर पारा की पार्षद श्रीमती रुबिदेवी सागर भी जुड़ीं। उन्होंने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, खेल, कला सहित विभिन्न विषयों पर संवाद किया।


सप्ताह में एक घंटा बच्चों के नाम करने की अपील
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि समाज के प्रत्येक शिक्षित नागरिक को सप्ताह में कम से कम एक दिन सरकारी विद्यालय में जाकर बच्चों के बीच समय देना चाहिए। सामान्य ज्ञान, प्राथमिक शिक्षा, खेल, कला, नैतिक शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों में बच्चों का मार्गदर्शन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर शिक्षित व्यक्ति थोड़ा समय निकालकर सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को पढ़ाने का संकल्प ले, तो शिक्षा के स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के साथ समाज को नशामुक्त एवं अपराधमुक्त बनाने की दिशा में भी मदद मिलेगी।

सभापति ने विशेष रूप से जेन-जी और समाज के शिक्षित युवाओं से सप्ताह में कम से कम एक घंटा सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को योग्य और सक्षम नागरिक बनाने से बड़ी समाजसेवा कोई नहीं हो सकती।

बच्चों ने हल किए सवाल, प्रतिभाएं हुईं सम्मानित
अभियान के तहत सीतामढ़ी मिडिल स्कूल की कक्षा सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी एवं गणित के प्रश्न पूछे गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इसमें हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले सौम्य श्रीवास, खेमराज दास, प्रभा सारथी, यक्ष कर्ष एवं अंकुशा तांती को पुरस्कृत किया गया।

इस दौरान सभापति ने विद्यालय की समस्याओं की जानकारी भी ली और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनभागीदारी से अभियान को सफल बनाने का आह्वान
शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला सागर, पार्षद श्रीमती उर्वशी राठौर, श्रीमती राधा बाई एवं विद्यालय के शिक्षकों ने ‘सभापति की पाठशाला’ पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताया।

कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ कोरबा के उपाध्यक्ष रवि शर्मा, पूर्व पार्षद सुफल दास, समाजसेवी उत्तम आदिले, कु. कृष्णा साहू सहित अन्य सहयोगी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।