हाथी-मानव संघर्ष से वनांचल में दहशत, ग्रामीणों ने स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग
कोरबा। जिले के वनांचल क्षेत्रों में मानव-हाथी संघर्ष का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को करतला वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बड़मार गांव में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत के साथ मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जगेशर सिंह राठिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी खेत के आसपास पहुंच गया। हाथी को सामने देखकर ग्रामीण को संभलने या सुरक्षित स्थान पर भागने का मौका नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हाथी ने जगेशर सिंह पर हमला कर दिया और उन्हें पैरों तले कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को शासन के नियमानुसार सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।
लगातार बढ़ रहा हाथी-मानव संघर्ष
कोरबा जिले के जंगलों से लगे गांवों में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। हाथियों के गांवों और खेतों तक पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई बार खेतों में काम करने या आवागमन के दौरान ग्रामीणों का हाथियों से अचानक सामना हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि केवल अलर्ट जारी करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। हाथियों की गतिविधियों की सटीक निगरानी के साथ संवेदनशील गांवों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया दल की आवश्यकता है।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने हाथियों की लगातार निगरानी, प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित रेस्क्यू दल की उपलब्धता और जंगल से लगे गांवों में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए वन विभाग को मैदानी स्तर पर और प्रभावी कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
