कोरबा। बेटियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाने की दिशा में कटघोरा में राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर-2026 का शुभारंभ किया गया।
जिला कुडो संघ द्वारा मंगल भवन, कटघोरा में आयोजित शिविर के शुभारंभ अवसर पर उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य रूप से शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची प्रतिभाशाली बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आत्मरक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास भी जरूरी
मंत्री देवांगन ने कहा कि बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना केवल उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना नहीं है, बल्कि इससे उनके भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बेटियां ही सुरक्षित, सशक्त और विकसित समाज की मजबूत नींव तैयार कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल अधोसंरचना विकसित करने, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की खेलो इंडिया जैसी पहल से देशभर की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और मंच मिल रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज खेल, शिक्षा, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।
जीवन की चुनौतियों का सामना करने की मिलेगी सीख
मंत्री देवांगन ने विश्वास जताया कि राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण से बेटियों में अनुशासित जीवनशैली, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित होगी।
उन्होंने जिला कुडो संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बेटियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद जनक राजपूत, कुडो कराते संघ की अध्यक्ष सीता रजक सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
