कोरबा। नशामुक्त भारत अभियान-2026 के तहत कोरबा जिले में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ 2 अगस्त को किया जाएगा। शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, कोरबा में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के तहत अभियान का संचालन किया जा रहा है।
जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे। कार्यक्रम में सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
हजारों युवा लेंगे नशामुक्ति का संकल्प
‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी देशभर के करीब 10 हजार स्थानों से जुड़े युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। उनके संदेश के बाद कोरबा में अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा।
अभियान के अंतर्गत जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूलों, हायर सेकेंडरी स्कूलों, उच्च शिक्षण संस्थानों, शासकीय विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और औद्योगिक इकाइयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को ‘नशामुक्त युवा-नशामुक्त भारत’ का संकल्प दिलाया जाएगा।
रैली, प्रतियोगिता और संवाद से बढ़ेगी जागरूकता
अभियान के दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, संवाद कार्यक्रम, रैलियां, शपथ ग्रहण और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
2 अगस्त को ईवीपीजी कॉलेज में होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं युवा प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को सुनेंगे और नशामुक्त समाज तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार अभियान को जिले के शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न क्षेत्रों तक व्यापक रूप से पहुंचाने की तैयारी की गई है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
