पुलिया नहीं होने से 12 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने की मजबूरी, निर्माण पूरा होने तक गांव में राशन वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
कोरबा। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत बरकोन्हा के आश्रित ग्राम पतंरापाली के ग्रामीणों ने कोरजा नाला पर पुलिया निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिया के अभाव में उन्हें आवागमन के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। विशेषकर बारिश के मौसम में नाला पार करना जोखिम भरा हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं। ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण होने तक गांव में ही राशन वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, पतंरापाली से बरकोन्हा की दूरी लगभग साढ़े तीन से चार किलोमीटर है। दोनों गांवों के बीच स्थित कोरजा नाला पर पुलिया नहीं होने के कारण लोगों को दूसरे रास्ते से होकर करीब 12 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसी मार्ग से विद्यार्थी बरकोन्हा और नोनदरहा के विद्यालयों में पढ़ने जाते हैं। वर्षा ऋतु में नाले में पानी बढ़ने पर आवागमन कठिन और जोखिमपूर्ण हो जाता है, जिससे बच्चों की नियमित पढ़ाई प्रभावित होती है।
पुलिया के अभाव में ग्रामीणों को शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन लेने और पंचायत संबंधी कार्यों के लिए भी बरकोन्हा जाना पड़ता है। पतंरापाली के भद्रापारा और अमरताल मोहल्ले के निवासी भी आवागमन के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं।
पुलिया निर्माण और राशन की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों ने ज्ञापन में दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, कोरजा नाला पर पुलिया निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण कराकर शीघ्र स्वीकृति दी जाए, ताकि आगामी वर्षा ऋतु से पहले निर्माण कार्य पूरा हो सके।
दूसरी मांग है कि पुलिया निर्माण पूरा होने तक पतंरापाली के पात्र राशनकार्डधारियों को गांव में ही शासकीय उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से राशन उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों ने विद्यार्थियों और आमजन की परेशानियों का हवाला देते हुए कलेक्टर से दोनों मांगों पर प्राथमिकता से संज्ञान लेने तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
