कोसाबाड़ी के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में चोरी, दान पेटी से नकदी ले उड़े चोर

पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से शुरू की जांच

कोरबा।शहर के कोसाबाड़ी चौक स्थित प्रसिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बीती रात मंदिर में घुसे चोर दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चोरों का सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर रात के दौरान मंदिर परिसर में दाखिल हुए और दान पेटी को निशाना बनाया। चोर उसमें रखी नकदी निकालकर फरार हो गए। सुबह मंदिर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल दान पेटी में कितनी रकम रखी थी और चोर कितनी नकदी ले गए, इसका आकलन नहीं हो पाया है।

खराब सीसीटीवी कैमरों से जांच में चुनौती
घटना के बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मंदिर के कैमरे खराब थे। ऐसे में वारदात की तस्वीरें और आरोपियों की गतिविधियां कैमरों में दर्ज नहीं हो सकीं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।