त्रिलोकी पब्लिक स्कूल के  विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी

स्कूल बस चालकों को भी दी गई समझाइश, वाहनों के दस्तावेजों की जांच कर छात्रों से नियमों का पालन करने की अपील

कोरबा। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने के उद्देश्य से कटघोरा के लखनपुर स्थित त्रिलोकी पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 150 विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सुरक्षित आवागमन के आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने छात्रों को सड़क पर चलते समय सावधानी बरतने तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी।

त्रिलोकीनाथ पब्लिक स्कूल कटघोरा मे एएसआईं ईश्वरी लहरे द्वारा यातायात नियमों के पालन करने की जानकारी देते हुए

कार्यक्रम के दौरान स्कूल में संचालित वाहनों के चालकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से लाने-ले जाने, वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने और निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही स्कूल वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की गई।

यह जागरूकता कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं डीएसपी ज्योत्सना चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान एएसआई ईश्वरी लहरे, प्रधान आरक्षक साहेब खटकर, आरक्षक संजय साहू और दीप नारायण सहित स्कूल के शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिजनों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।