सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत से बताएंगे संक्रमण से बचाव, जांच व उपचार के तरीके
कोरबा। एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में इससे जुड़ी भ्रांतियों व भेदभाव को दूर करने के लिए जिले में विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत प्रचार-प्रसार रथ और कला जत्था दल को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये दल जिले के चिन्हांकित ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को संक्रमण से बचाव तथा जांच और उपचार की जानकारी देंगे।
अभियान के दौरान कला जत्था दल नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत और संवाद के माध्यम से एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच कराने के महत्व को सरल और प्रभावी तरीके से समझाएगा। प्रचार रथ के जरिए भी आमजन तक जागरूकता संबंधी संदेश पहुंचाए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराना और एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में प्रचलित गलत धारणाओं को दूर करना है।
सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी ने बताया कि एचआईवी के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उपचार की जानकारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संक्रमण से प्रभावित लोगों के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। सही जानकारी के प्रसार से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को जांच एवं उपचार के लिए आगे आने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आरसीएच नोडल डॉ. श्रीमती बी. तिग्गा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) पद्माकर शिंदे, एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. रविकांत राठौर, डॉ. अतीक सिद्दीकी, डॉ. सी.के. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं सीएमएचओ डॉ. केसरी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्रों में आयोजित कला जत्था के कार्यक्रमों में शामिल हों, एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करें और स्वयं, परिवार तथा समाज को सुरक्षित रखने में सहभागी बनें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
