दो गंभीर मामलों में वांछित आशु चुटैल उर्फ घोड़ा’ गिरफ्तार, चाकू बरामद

थार आगजनी मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार, जिला बदर की कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन

कोरबा। कोरबा पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर मामलों में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चाकूबाजी की घटना में इस्तेमाल स्टील का चाकू बरामद कर जब्त किया है। वहीं, थार वाहन आगजनी मामले में भी उसकी भूमिका सामने आई है। इस प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार आशु चुटैल उर्फ घोड़ा आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और चोरी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने और जिला बदर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में जिला दण्डाधिकारी कोरबा को प्रस्ताव भेजा गया है।

पुरानी रंजिश में युवक पर किया था जानलेवा हमला
थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 526/2026 के अनुसार 7 जून 2026 की रात करीब 11.30 बजे बुधवारी स्थित एक गुटखा दुकान के सामने पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने युवक का रास्ता रोक लिया। गाली-गलौज के बाद शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए। विरोध करने पर आशु चुटैल ने कथित रूप से युवक के पेट में चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से पकड़ाया
घटना के बाद से फरार आरोपी की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर वारदात में प्रयुक्त स्टील का चाकू बरामद किया गया।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

थार आगजनी मामले में भी सामने आई भूमिका
थाना सिविल लाइन रामपुर के अपराध क्रमांक 524/2026 में दर्ज थार वाहन आगजनी मामले की विवेचना के दौरान भी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा की संलिप्तता सामने आई। इस मामले में पुलिस पहले ही दिव्य साहू को गिरफ्तार कर चुकी थी। विवेचना के दौरान फरार आरोपी आशु चुटैल को भी गिरफ्तार किया गया।

घटना में शामिल एक नाबालिग को भी विधिसम्मत कार्रवाई के तहत अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक इस प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

असामाजिक तत्वों पर जारी रहेगी सख्ती
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में त्वरित विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।