सीतामणी सरस्वती शिशु मंदिर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम

कोरबा। सीतामणी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 750 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर एवं सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन तथा यातायात डीएसपी सुश्री ज्योत्स्ना चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

एएसआई मनोज राठौर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी देते हुए सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए नियमों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति से वाहन चलाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।

एएसआई राठौर ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा का संदेश अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में यातायात अनुशासन और सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में एएसआई मनोज राठौर, हेड कांस्टेबल पवन सिंह, अजय तिर्की, आरक्षक राकेश साहू, संजय लहरे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

विद्यालय की ओर से प्राचार्य पांडेय, मिश्रा एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम में सहयोग किया।