कोरबा। आम नागरिकों, विशेषकर छात्राओं को नवीन आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में नवीन आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य नए कानूनी प्रावधानों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाने के साथ महिलाओं एवं बच्चों को उनके अधिकारों तथा कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
BNS, BNSS और BSA की दी जानकारी
कार्यक्रम में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें नए कानूनों की विशेषताओं, विभिन्न अपराधों से जुड़े प्रावधानों, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी अधिकारों तथा पीड़ितों को उपलब्ध कानूनी सुविधाओं को सरल भाषा एवं चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
साडा कन्या शाला सहित अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया और नए आपराधिक कानूनों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
डीएसपी ने समझाए कानूनी अधिकार
कार्यक्रम में डीएसपी श्रीमती प्रतिभा मरकाम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए नए आपराधिक कानूनों में किए गए महत्वपूर्ण बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को कानूनों में विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों को जानने और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
‘गुड टच-बैड टच’ पर भी जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के विषय में विशेष रूप से जागरूक किया गया। प्रोजेक्टर के माध्यम से जागरूकता वीडियो दिखाकर सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान के बारे में समझाया गया। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में तत्काल माता-पिता, शिक्षक, विश्वसनीय वयस्क अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें।
इसके साथ ही साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के संबंध में भी आवश्यक सावधानियां बताई गईं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने नए कानूनों, महिला एवं बाल सुरक्षा तथाअन्य कानूनी विषयों को लेकर पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछे। अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान किया। छात्राओं ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कानून की जानकारी हासिल कर जागरूक नागरिक बनने तथा समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
