कोरबा। हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मानसून पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष एचटीपीएस ने मानसून सत्र के दौरान 22,500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अभियंता एच.के. सिंह एवं पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने देसी प्रजाति के पौधे रोपकर किया। मिनी हाइडल प्लांट परिसर में आयोजित इस अभियान के तहत फलदार एवं स्थानीय प्रजातियों के सैकड़ों पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर प्रसन्ना सोनकर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य है। वहीं मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने अधिकाधिक पौधरोपण और उनके संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हरित अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में औद्योगिक वृक्षारोपण मंडल के मंडल प्रबंधक दिवाकर पाठक, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, आर.के. पांडे, पी.के. जोशी, केएनबी राव, एस.के. नायर, एस.सी. पाठक, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ ए.के. कुरनाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समन्वय अधीक्षण अभियंता राजेश बंजारा एवं सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उइके ने किया। एचटीपीएस प्रबंधन का कहना है कि मानसून सत्र के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक स्तर पर पौधरोपण कर हरित आवरण बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
