‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिली  रफ्तार, कोसाबाड़ी मुख्य मार्ग पर हुआ वृहद पौधरोपण

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान के तहत शुक्रवार को कोसाबाड़ी मुख्य मार्ग पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में विभिन्न बैंकों के अधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में जिला प्रशासन, नगर निगम और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह सघन वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान एच.पी. पेट्रोल पंप से ब्लू बर्ड स्कूल तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर पौधरोपण किया गया।

गौरतलब है कि इस महाअभियान की शुरुआत गत 18 जुलाई को आयोजित ‘रन फॉर ग्रीन’ मैराथन से हुई थी। आगामी 60 दिनों तक जिलेभर में लगातार वृक्षारोपण और जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में उपायुक्त नीरज कौशिक, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, उद्यान अधीक्षक आनंद सिंह राठौर, महिंद्रा कोटक बैंक के अनुज कुमार श्रीवास एवं विकास रात्रे, पंजाब नेशनल बैंक के वीरेन्द्र कुमार कंवर, जयप्रकाश साहू, दिनेश देवांगन, आशा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित वातावरण के निर्माण का संदेश देते हुए सभी सहभागीजन ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया।