कोरबा। यात्रियों की सुविधा, बेहतर रेल कनेक्टिविटी और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने हसदेव एक्सप्रेस की सेवाओं का विलय कर इसे प्रतिदिन संचालित करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 1 अगस्त 2026 से लागू होगी।
अब तक 18249/18250 रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन तथा 18251/18252 रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन संचालित होती थी। रेलवे ने दोनों ट्रेनों का विलय करते हुए अब ट्रेन संख्या 18249/18250 कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को सप्ताह के सातों दिन नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को सबसे बड़ी राहत यह मिलेगी कि अब उन्हें अलग-अलग ट्रेन नंबर और संचालन दिवस याद रखने की आवश्यकता नहीं होगी। एक ही ट्रेन संख्या 18249/18250 प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रा की योजना बनाना अधिक सरल और सुविधाजनक होगा।
रेलवे के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत हसदेव एक्सप्रेस में 15 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह निर्णय कोरबा, रायपुर और बीच के स्टेशनों के नियमित यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारिक वर्ग के लिए विशेष रूप से लाभदायक माना जा रहा है। इससे यात्रा सुविधा में सुधार के साथ-साथ रेल सेवाओं की उपलब्धता भी और अधिक सुलभ होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
