कोरबा। कटघोरा नगर पालिका के अटल परिसर में स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
विभाग ने उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने शुक्रवार को निलंबन आदेश जारी किया।
जानकारी के अनुसार, कटघोरा के अटल परिसर में स्थापित प्रतिमा को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक द्वारा कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन में प्रतिमा निर्माण कार्य को स्वीकृत प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत पाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ रही है, प्रतिमा लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है तथा कांस्य प्रतिमा निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं है। प्रतिवेदन में निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई अनियमितताओं के लिए तत्कालीन पदस्थ उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को उत्तरदायी माना गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने इसे पदीय कर्तव्यों के विपरीत आचरण मानते हुए उप अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद अटल परिसर में प्रतिमा निर्माण की गुणवत्ता और कार्य निष्पादन को लेकर उठे सवालों पर विभाग की सख्ती साफ दिखाई दे रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
