नकिया पंचायत में पीएम जनमन योजना की गड़बड़ी उजागर, जनपद ने तीन दिन में मांगा जवाब
कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा की ग्राम पंचायत नकिया में पीएम जनमन योजना के तहत पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए स्वीकृत आवासों के निर्माण में लापरवाही का मामला सामने आया है। किश्तों में राशि जारी होने के बावजूद चार आवास अब तक अधूरे पड़े हैं। मामले में जनपद पंचायत ने संबंधित व्यक्ति को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, तीन हितग्राहियों को आवास निर्माण की तीसरी किश्त और एक हितग्राही को दूसरी किश्त की राशि जारी की जा चुकी है। इसके बाद भी निर्माण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ा। तीन आवास रूफ कास्ट स्तर तक पहुंचने के बाद अटक गए हैं, जबकि एक आवास दूसरी किश्त के रूप में एक लाख रुपए जारी होने के बावजूद अभी प्लिंथ स्तर से आगे नहीं बढ़ सका है।
हितग्राहियों के अनुसार, आवास निर्माण का काम गांव के ही एक ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था। उनका आरोप है कि किश्त की राशि लेने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं कराया गया। विभागीय स्तर पर इन आवासों को अगस्त 2026 तक पूर्ण कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
तीन दिन में जवाब नहीं तो एफआईआर
जनपद पंचायत की अंतिम चेतावनी में कहा गया है कि तीन दिवस के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर थाना लेमरू में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। पीएम जनमन योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। ऐसे में राशि जारी होने के बाद भी आवास अधूरे रहना योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















