शराब में जहर मिलाकर युवक की हत्या, दो साल से फरार आरोपी कोंडागांव से गिरफ्तार

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में लगभग दो वर्ष पूर्व शादी समारोह के दौरान शराब में जहर मिलाकर युवक की हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। उरगा पुलिस ने कोंडागांव पुलिस के सहयोग से आरोपी जितेंद्र मसीह को कोंडागांव से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

उप निरीक्षक नवीन पटेल ने बताया कि थाना उरगा में दर्ज अपराध क्रमांक 248/2024 की विवेचना के दौरान सामने आया कि 16 फरवरी 2024 को एक शादी समारोह में विकास अग्रवाल की सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या की गई थी। जांच में पता चला कि मृतक और मुख्य आरोपी वैभव भारती के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते वैभव भारती ने अपने साथी जितेंद्र मसीह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, पहले विकास अग्रवाल को अत्यधिक शराब पिलाई गई। इसके बाद डिस्पोजेबल गिलास में शराब के साथ चूहे मारने की जहरीली दवा मिलाकर उसे पिला दिया गया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की रिपोर्ट में शरीर में जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद आरोपी जितेंद्र मसीह लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। उरगा पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखे हुए थी। इसी दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कोंडागांव पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।