अवकाश के दिन भी मिलें जरूरी सुविधाएं: अश्विनी

कोरबा। नगर पालिका परिषद बाकीमोगरा के भाजपा पार्षद अश्विनी मिश्र ने अवकाश दिवसों पर भी आवश्यक नागरिक सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

उन्होंने इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र भेजकर रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में भी आवश्यक सेवाएं सुचारु बनाए रखने का आग्रह किया है।

पार्षद अश्विनी मिश्र ने अपने पत्र में कहा है कि नगर के सभी वार्डों में स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं बिना किसी रुकावट के मिलना नागरिकों का अधिकार है। उन्होंने बताया कि कई बार रविवार या अन्य अवकाश के दिनों में इन सेवाओं में समस्या आने पर समय पर सुधार नहीं हो पाता, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अवकाश के दिनों में आपात स्थिति उत्पन्न होने पर नागरिकों को यह जानकारी नहीं रहती कि किस अधिकारी या कर्मचारी से संपर्क किया जाए। इसलिए नगर पालिका को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि आवश्यक सेवाओं के लिए वैकल्पिक कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित हो।

पार्षद ने यह भी मांग की कि अवकाश दिवस पर ड्यूटी करने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं, ताकि वार्डवासियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस विषय पर नगर पालिका को गंभीरता से पहल करते हुए ऐसी व्यवस्था लागू करनी चाहिए, जिससे छुट्टी के दिनों में भी नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।