33 केवी और 11 केवी लाइन में लगातार खराबी, पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित; ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
कोरबा। कोरबा जिले के कनकी एवं आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों में पिछले चार दिनों से लगातार बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। 33 केवी और 11 केवी विद्युत लाइनों में बार-बार ब्रेकडाउन होने के कारण ग्रामीणों को घंटों अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
भीषण उमस और बारिश के मौसम में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं बिजली बाधित रहने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है, जिसके कारण ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। घरेलू कार्यों के साथ-साथ किसानों और छोटे व्यवसायियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर कई बार घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन बारिश शुरू होते ही पूरी व्यवस्था की पोल खुल जाती है। जिला मुख्यालय से मात्र 16 किलोमीटर दूर स्थित कनकी क्षेत्र में चार दिनों से कभी 33 केवी तो कभी 11 केवी लाइन में खराबी आ रही है, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल जल्द सुधार का आश्वासन मिला। इसके बावजूद स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार सुशासन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारी आम जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन बने हुए हैं।
इधर, ग्रामीण विद्युत वितरण केंद्र के डीई शत्रुघ्न प्रसाद सोनी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण 33 केवी और 11 केवी दोनों लाइनों में बार-बार ब्रेकडाउन की स्थिति बन रही है। शुक्रवार को भी लाइन में खराबी आई थी, जिसे शाम तक दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी लगातार व्यवस्था सुधारने में जुटे हैं, लेकिन बारिश के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है।
लगातार बिजली संकट से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि विद्युत विभाग स्थायी समाधान निकालकर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
