कोरबा। बालको-रिसदी मुख्य मार्ग स्थित ढेंगुरनाला पुल पर गुरुवार को एक निजी बस गहरे गड्ढे में फंस गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल की सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बस का पहिया फंस गया, जिससे वाहन आगे नहीं बढ़ सका।
घटना के कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और यात्रियों सहित अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यह मार्ग बालको और रिसदी के बीच प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन भारी वाहनों के साथ बड़ी संख्या में यात्री वाहन भी आवागमन करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ढेंगुरनाला पुल की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। गड्ढे इतने गहरे हो चुके हैं कि पुल की लोहे की सरिया तक दिखाई देने लगी है। इसके बावजूद सेतु विभाग ने समय रहते मरम्मत नहीं कराई, जिससे अब पुल दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है।
लोगों ने बताया कि पुल के मरम्मत कार्य के लिए पहले ही बालको प्रबंधन द्वारा सेतु विभाग को लगभग 86 लाख रुपये उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने ढेंगुरनाला पुल की तत्काल मरम्मत, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
