कोरबा। सावन माह में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कनकी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने विशेष सेवा अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पूरे सावन माह संगठन की ओर से कनकी धाम मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय, शीतल पेयजल और 24 घंटे हेल्पलाइन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कनकी धाम जाने वाले मार्ग पर दो प्रमुख स्थानों पर सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां पदयात्रियों और कांवड़ियों को निःशुल्क चाय एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था मिलेगी। सावन के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त पैदल यात्रा कर कनकी धाम पहुंचते हैं, ऐसे में यह सेवा अभियान यात्रियों के लिए राहत का माध्यम बनेगा।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल ने 24×7 हेल्पलाइन (8171080108) भी शुरू की है।
यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी, मार्गदर्शन या आपात स्थिति में श्रद्धालु इस हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकेंगे। संगठन के कार्यकर्ता चौबीसों घंटे सेवा भाव से सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
विश्व हिन्दू परिषद कोरबा के जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि सावन केवल पूजा-अर्चना का नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना ही सच्चे अर्थों में शिव सेवा है और संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे सावन माह श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सहयोग के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगा।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेवा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कार्यकर्ता न केवल पेयजल और चाय की व्यवस्था करेंगे, बल्कि यात्रियों का मार्गदर्शन भी करेंगे। विहिप और बजरंग दल का यह सेवा अभियान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा और जनसहयोग का भी उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
