कोरबा। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन फाटक के पास विशेष जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान रेत से लदे पांच ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। हालांकि विभागीय टीम को देखते ही चार चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि एक ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खनिज विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बिना वैध अनुमति के रेत का परिवहन किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर विभागीय टीम ने अचानक जांच अभियान चलाया और रेत से भरे ट्रैक्टरों की जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चार ट्रैक्टर चालक विभागीय टीम को देखकर वाहन लेकर भाग निकले, जबकि एक ट्रैक्टर को रोक लिया गया।
चालक से रेत परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन प्रारंभिक जांच में वह आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध रेत खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन क्षेत्र, नदी किनारों और शहर के अन्य मार्गों से रात के समय अवैध रेत परिवहन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके चलते जांच अभियान और तेज किया गया है।
जब्त ट्रैक्टर को खनिज विभाग की अभिरक्षा में रखा गया है।
वहीं फरार हुए चार ट्रैक्टर चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। विभाग का कहना है कि जब्त वाहन पर नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रेत खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
