कलेक्टर के निर्देश पर निगम और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, मवेशियों को पहनाए गए रेडियम बेल्ट
कोरबा।शहर में आवारा मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत के निर्देश पर नगर निगम और पशुधन विकास एवं पशु चिकित्सा विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। अभियान के तहत सड़क पर घूमने वाले मवेशियों की पहचान कर उनके मालिकों के खिलाफ जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों को तत्काल पकड़कर उनके मालिकों की पहचान की जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग को नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर मवेशियों के चिन्हांकन और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसी कड़ी में निहारिका और घंटाघर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सड़क पर घूम रहे घुमंतू मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाई गई। इससे रात के समय वाहनों की रोशनी पड़ने पर मवेशी दूर से दिखाई देंगे और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
अभियान के दौरान पशुपालकों को भी अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ने तथा सुरक्षित स्थान पर रखने की समझाइश दी गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर मवेशी छोड़ना आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और ऐसे मामलों में संबंधित पशु मालिकों के खिलाफ जुर्माना सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मवेशियों की धरपकड़, रेडियम बेल्ट लगाने और जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि सड़क पर आवारा मवेशी दिखाई देने पर इसकी सूचना नगर निगम या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
