भ्रामक जानकारी फैलाने और नशे में स्कूल पहुंचने के आरोप में सहायक शिक्षक निलंबित

कोरबा।कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गंगदेई के एक सहायक शिक्षक को गंभीर अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है।

जांच में शिक्षक पर विद्यालय समय के दौरान मादक पदार्थ का सेवन कर नशे की हालत में स्कूल पहुंचने, उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं करने तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप लगाए गए हैं।

शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार संबंधित शिक्षक पर प्रधान पाठक पर अनावश्यक दबाव बनाने, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भ्रामक जानकारी प्रसारित करने और बिना पूर्व सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित रहने जैसे गंभीर आरोप भी प्रमाणित पाए गए हैं।

विभाग ने इन कृत्यों को शासकीय सेवा के अनुशासन के विपरीत मानते हुए शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन और विद्यार्थियों के हितों से समझौता करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।