हाथी उत्पात रोकने चोटिया पहुंचे अपर मुख्य सचिव, निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा

कोरबा। कटघोरा वनमंडल में बढ़ते मानव-हाथी द्वंद्व के बीच छत्तीसगढ़ शासन के वन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुवा ने गुरुवार को चोटिया स्थित हाथी नियंत्रण केंद्र का निरीक्षण कर हाथियों की निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाथी मित्र दल के साथ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर हाथियों की गतिविधियों, निगरानी प्रणाली और ग्रामीणों को समय पर सूचना पहुंचाने की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाथियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करते हुए प्रभावित गांवों में समय रहते अलर्ट जारी किए जाएं, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को कम किया जा सके।

अपर मुख्य सचिव ने हाथी मित्र दल के कार्यों की सराहना करते हुए रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने दल के सदस्यों को टॉर्च और पानी की बोतलें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

निरीक्षण के दौरान कटघोरा वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने अपर मुख्य सचिव को हाथी नियंत्रण, निगरानी प्रणाली और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।