स्ट्रीट लाइट, सफाई और पेयजल व्यवस्था में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: आयुक्त

कोरबा। नगर पालिक निगम आयुक्त ने शहर की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों, फील्ड स्टाफ, स्वच्छता निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से मार्निंग विजिट जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई कार्यों में और अधिक कसावट लाई जाए तथा कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में विशेष रूप से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी स्ट्रीट लाइटें निर्धारित समय पर चालू हों और सुबह समय पर बंद की जाएं, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके और ऊर्जा की अनावश्यक खपत भी रोकी जा सके।

इसके अलावा पेयजल व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि शहर की स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं में सुधार निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।