कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित देसी शराब भट्ठी में शराब लेने के दौरान लाइन में खड़े दो लोगों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। गुस्साए युवक ने शराब की बोतल से हमला कर दूसरे युवक का सिर फोड़ दिया। पूरी घटना शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुराना काशी नगर निवासी 23 वर्षीय प्रमोद कुमार यादव ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार 29 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे वह रामपुर देसी शराब भट्ठी में लाइन में खड़ा होकर शराब खरीद रहा था। इसी दौरान सामने से शराब लेकर निकल रहे एक युवक का पैर प्रमोद के पैर पर पड़ गया।
प्रमोद ने जब आरोपी से देखकर चलने की बात कही तो वह भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ में पकड़ी शराब की बोतल प्रमोद के सिर पर दे मारी, जिससे उसके सिर और बाएं होंठ के पास गंभीर चोटें आईं।
घटना के समय महेश्वर यादव सहित कई लोग मौके पर मौजूद थे। घायल प्रमोद ने देर रात सिविल लाइन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
