स्कूलों में अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश, अधूरे पीएम आवासों पर वसूली की चेतावनी; महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
कोरबा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन ने गुरुवार को कटघोरा विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर निर्माण कार्यों, शासकीय योजनाओं एवं ग्रामीण विकास गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, वहीं लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी भी जताई।
निरीक्षण की शुरुआत ग्राम ढेलवाडीह से हुई, जहां सीईओ ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, सामुदायिक शौचालय, कचरा चटाई शेड तथा अटल डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में आसपास की पंचायतों से प्लास्टिक एकत्र करने तथा सामुदायिक शौचालय का संचालन स्व-सहायता समूह के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


ग्राम चाकाबुड़ा में नवनिर्मित पीडीएस गोदाम, निर्माणाधीन पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए भवन परिसर में पौधारोपण एवं रिटेनिंग प्रोटेक्शन स्ट्रक्चर बनाने के निर्देश दिए। वहीं खुशी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा कोकून से धागा निकालने की प्रक्रिया का अवलोकन कर महिलाओं की मशीन एवं शेड की मांग पर विभागीय योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।


निरीक्षण के दौरान प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला चाकाबुड़ा में अध्ययन समय के दौरान शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया।
ग्राम देवगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे पड़े आवासों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने हितग्राहियों को शीघ्र निर्माण पूरा करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में निर्माण पूरा नहीं होने पर एसडीएम कार्यालय के माध्यम से आरआरसी (RRC) की कार्रवाई कर राशि की वसूली की जाएगी।
ग्राम पंचायत बतारी के बरेली में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय एवं महतारी सदन का निरीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
महतारी सदन के सामने बच्चों के लिए आकर्षक एवं सुविधायुक्त खेल परिसर विकसित करने की बात भी कही।
इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत क्लस्टर संगठन की बैठक में शामिल होकर महिला समूहों से संवाद किया।
ग्राम रंजना में अमृत सरोवर परिसर में आम एवं जामुन के पौधों का रोपण किया गया। इसके बाद ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) में स्थापित मशीनों का निरीक्षण कर उनकी उपयोगिता का आकलन किया तथा लाइब्रेरी भवन में आकर्षक चित्रकारी कराने के निर्देश एसडीओ आरईएस को दिए।
ग्राम झाबर में आयोजित विशेष ग्रामसभा में शामिल होकर सीईओ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए एसईसीएल अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने का आश्वासन दिया। वहीं ग्राम घुंचापुर में गोबर गैस संयंत्र का निरीक्षण कर उसे शीघ्र क्रियाशील बनाने के निर्देश पंचायत को दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी यशपाल सिंह,एसडीओ आरईएस ए.के.भार्गव,कार्यक्रम अधिकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
