महाराणा प्रताप चौक व घंटाघर रोड से हटाए गए कंबल-कपड़ा व्यवसायियों के लिए पानी, बिजली, सफाई और जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने गुरुवार को बुधवारी बाजार के सामने नवनिर्मित आनंद बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ पूरे परिसर का जायजा लेते हुए महाराणा प्रताप चौक एवं घंटाघर रोड से विस्थापित किए गए कंबल-कपड़ा सहित अन्य सड़क किनारे व्यवसायियों के लिए उपलब्ध कराए गए स्थान पर आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महापौर ने आनंद बाजार परिसर स्थित पौनी पसारी के समीप विस्थापित व्यवसायियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को सम्मानजनक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत शहर में विभिन्न स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं।
कोसाबाड़ी में फल-सब्जी एवं स्वल्पाहार व्यवसायियों के लिए वेंडिंग जोन विकसित किया गया है, वहीं बुधवारी बाजार के सामने बनाए गए आनंद बाजार में 50 से अधिक दुकानों का निर्माण कर व्यवसायियों को व्यवस्थित रूप से बसाया जा रहा है।
सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान महापौर ने आनंद बाजार परिसर एवं बुधवारी बाजार क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित सफाई, कचरे के त्वरित उठाव और समुचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बाजार क्षेत्र स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद पंकज देवांगन,एल्डरमैन दीपक यादव,जोन कमिश्नर एन.के.नाथ,कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह,स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
