जटगा–पसान मार्ग बना जानलेवा, गड्ढों में पलटा ऑटो, बाइक सवार गिरा, बस भी बाल-बाल बची

15 किमी सड़क जर्जर, बारिश में बढ़ा खतरा; ग्रामीणों ने मरम्मत और लापरवाह ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

कोरबा। कटघोरा से जटगा होते हुए पसान जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से यह मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क मरम्मत के लिए अनुबंध होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्य शुरू नहीं किया गया है।

हाल ही में पसान बस स्टैंड के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बाइक सवार गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोट तो नहीं आई, लेकिन उसका मोबाइल गड्ढे में गिर गया, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने तलाश कर वापस दिलाया। वहीं हल्की बारिश के दौरान यात्रियों से भरा एक ऑटो गहरे गड्ढे में असंतुलित होकर पलट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

इसी मार्ग पर कोरबा से पेंड्रा जा रही एक यात्री बस भी गहरे गड्ढे से गुजरते समय अनियंत्रित होकर पलटने से बाल-बाल बच गई। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

ग्रामीणों के अनुसार जटगा से पसान तक लगभग 15 किलोमीटर लंबा मार्ग पूरी तरह उखड़ चुका है। इस सड़क से प्रतिदिन भारी वाहनों, बसों, स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और मरीजों का आवागमन होता है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सड़क मरम्मत का ठेका दिए जाने के बावजूद संबंधित ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया है। कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने कलेक्टर एवं लोक निर्माण विभाग से जटगा–पसान मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने, बारिश के दौरान गड्ढों को अस्थायी रूप से मिट्टी एवं गिट्टी से भरने तथा निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर शीघ्र सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।