बालको के बाल सदन स्कूल में यातायात जागरूकता अभियान, 230 विद्यार्थियों को नियमों का दिया गया संदेश

कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को बालको स्थित बाल सदन स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 230 विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर एवं सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर डीएसपी (यातायात) सुश्री ज्योत्स्ना चौधरी ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल के महत्व, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करेंगे, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में यातायात एएसआई मनोज राठौर ने भी विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।