मानिकपुर खदान के पास भीषण जाम, घंटों फंसे वाहन; स्कूल जाने वाले बच्चे और आम नागरिक परेशान

कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर रोजाना लग रहा जाम, यातायात व्यवस्था सुधारने की उठी मांग

कोरबा।कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर स्थित सीतामढ़ी मानिकपुर खदान के पास भीषण जाम लगने से आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चे समय पर विद्यालय नहीं पहुंच सके, वहीं नौकरीपेशा लोग, मरीज और अन्य जरूरी कार्यों से निकले नागरिक भी प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानिकपुर खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और यातायात प्रबंधन की कमी के कारण आए दिन ऐसी स्थिति बनती है।

राहगीरों ने बताया कि सुबह और शाम के समय जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग से मांग की है कि मानिकपुर खदान क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि आम लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।