राजस्व वसूली में ढिलाई पर निगम सख्त, निरीक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश

लक्ष्य से कम वसूली पर आयुक्त ने जताई नाराजगी, बड़े बकायादारों पर कार्रवाई के निर्देश

कोरबा। नगर पालिक निगम क्षेत्र में संपत्तिकर और अन्य मदों से होने वाली राजस्व वसूली लक्ष्य के अनुरूप नहीं होने पर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित राजस्व निरीक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

साकेत स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने सम्पत्तिकर, समेकित कर, जलकर, शिक्षा उपकर, भवन एवं दुकान किराया सहित विभिन्न मदों में राजस्व वसूली की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विगत वर्षों की बकाया राशि के साथ-साथ वर्तमान वित्तीय वर्ष के करों की वसूली में तेजी लाई जाए तथा बड़े बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त ने कहा कि निगम के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं के सुचारु संचालन के लिए नियमित राजस्व प्राप्ति आवश्यक है। इसलिए करदाताओं से सतत संपर्क कर बकाया राशि निगम कोष में जमा कराई जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र के सभी आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों का कर निर्धारण पूर्ण हो।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम क्षेत्र के सभी करदाताओं और बकायादारों से अपील की कि वे अपनी बकाया एवं चालू वर्ष की कर राशि समय पर जमा कर नगर विकास में सहयोग करें।

बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, संपत्तिकर अधिकारी अनिरुद्ध सिंह, सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता सहित राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षक एवं निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।