संत गुरु रविदास जयंती पर भाजपा चलाएगी छह माह का ‘समरसता संकल्प अभियान’

जिला, मंडल और बूथ स्तर पर होंगे जनजागरण व सामाजिक समरसता के कार्यक्रम

मंदिरों में जलेंगे 650 दीप, गुरु रविदास के संदेश को घर-घर पहुंचाने का संकल्प

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में छह माह तक ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने प्रेसवार्ता में बताया कि अभियान के तहत जिला, मंडल और बूथ स्तर पर व्यापक जनसंपर्क एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस दौरान कलश यात्राएं, समरसता संवाद, सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम, संगोष्ठियां तथा सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न मंदिरों में 650 दीप प्रज्ज्वलित कर गुरु रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद्र पटेल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समता, सद्भाव और मानव सेवा का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अभियान के माध्यम से गुरु रविदास जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर,अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश लहरे, नवीन अरोरा,शैलेंद्र यादव,संजय राठौर,नीरज ठाकुर,अजय चंद्रा,प्रदीप सिंह एवं उदय श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।