अटल परिसर की प्रतिमा विवाद पर जांच के निर्देश, अध्यक्ष बोले- दावा सही है तो होगी कार्रवाई

कांसे की जगह सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने के आरोप पर नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद ने जताई चिंता

कोरबा। कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र के अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर उठे विवाद पर अब जनप्रतिनिधियों की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि प्रतिमा कांसे की बजाय सीमेंट की होने के कारण उसका रंग निकल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं भाजपा के पार्षद पवन अग्रवाल ने कहा कि प्रतिमा निर्माण के लिए निर्धारित मापदंड तय किए गए थे। यदि कटघोरा में कांसे की प्रतिमा के स्थान पर सीमेंट की प्रतिमा स्थापित किए जाने का दावा सही साबित होता है, तो यह अत्यंत गंभीर और शर्मनाक मामला होगा।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।