बालको ने विकसित किया आधुनिक चिल्ड्रेंस पार्क,मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया लोकार्पण

बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा विकसित आधुनिक चिल्ड्रेंस पार्क का मंगलवार को लोकार्पण किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने महापौर संजू देवी राजपूत के साथ फीता काटकर पार्क का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में बालको के मुख्य कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

करीब 13 हजार वर्गफुट क्षेत्र में विकसित इस पार्क को पहले अनुपयोगी एवं कचरे से प्रभावित स्थान से आधुनिक सामुदायिक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। पार्क में बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम, एक्यूप्रेशर पाथवे, हरित लॉन और सौंदर्यीकरण के लिए अरेका पाम लगाए गए हैं।

वहीं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सौर ऊर्जा आधारित जल आपूर्ति प्रणाली भी स्थापित की गई है।

लोकार्पण के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने पार्क का निरीक्षण कर विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि बालको क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक भवन, नाली निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों के माध्यम से कंपनी क्षेत्र के विकास को गति दे रही है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से कोरबा में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि बालको द्वारा पार्क, सड़क, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विकास क्षेत्र के नागरिकों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है और इससे शहर के विकास को नई दिशा मिल रही है।

इस अवसर पर परसाभाठा के पार्षद बद्री किरण ने बालको का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन, स्वास्थ्य सेवाओं और आंगनबाड़ी एवं विद्यालयों के उन्नयन जैसे क्षेत्रों में भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से पार्क की स्वच्छता और संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

बालको प्रबंधन ने बताया कि कंपनी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत आधारभूत सुविधाओं के विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कल्याण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे विकास कार्य जारी रहेंगे।