भीषण बिजली संकट से जूझ रहा भिलाई बाजार, 24 घंटे में सिर्फ 3 से 5 घंटे मिल रही बिजली

बार-बार ट्रिपिंग से जनजीवन अस्त-व्यस्त, विद्युत उपकरण हो रहे खराब

रलिया नर्सरी के पास झुका बिजली खंभा बना हादसे का कारण, ग्रामीणों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

कोरबा। ग्राम पंचायत भिलाई बाजार के ग्रामीण इन दिनों गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में 24 घंटे के दौरान मुश्किल से 3 से 5 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। लगातार और लंबे समय तक हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, बिजली आने के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं रहती। पूरे दिन में 50 से 100 बार तक बिजली ट्रिपिंग (अप-डाउन) होती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण घरों में लगे टीवी, फ्रिज, पंखे, कूलर, मोटर, इन्वर्टर सहित अन्य विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं और उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि रलिया नर्सरी के पास एसईसीएल द्वारा स्थानांतरित किया गया बिजली का खंभा बार-बार झुक जाता है और गिरने की स्थिति में पहुंच चुका है। उनका कहना है कि इसी कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और एसईसीएल प्रबंधन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए तथा रलिया नर्सरी के पास स्थित खतरनाक बिजली खंभे को सुरक्षित तरीके से दोबारा स्थापित किया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना और जनहानि से बचा जा सके।